Tuesday, July 11, 2017

कॉफी शॉप में बैठकर लिखी गई थी दुनिया के सबसे महान जादूगर की कहानी


हैरी पॉटर के फैन्स आज बहुत खुश हैं. हैरी पॉटर सिरीज की पहली किताब 'हैरी पॉटर एंड दि फिलॉसौफर्स स्टोन' को रिलीज हुए आज पूरे 20 साल हो गए हैं. फैन्स को इस खुशी के बीच थोड़ा आश्चर्य भी जरूर हो रहा होगा कि ये 20 साल इतनी जल्दी कैसे बीत गए.

90 के दशक के आखिरी साल और नई सदी का शुरुआती दौर हैरी पॉटर के ही नाम रहा. जेके रोलिंग जब हैरी पॉटर की सीरीज लिख रही थीं, उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी.

रोलिंग अक्सर किसी कॉफी शॉप में बैठकर हैरी पॉटर की तिलिस्मी दुनिया के किस्से पिरोती थीं और उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि ये किताबें उन्हें दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में ले आएंगी.

साल 2002 में इस किताब पर फिल्में बनने का ट्रेडिशन शुरू हो गया. पहली फिल्म इसी साल आई और आते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया.

उस दौर में शायद ही कोई बच्चा ऐसा होगा जिसने ये किताबें नहीं पढ़ी होंगी या इनपर बनीं फिल्में नहीं देखी होंगी. इन किताबों और फिल्मों ने बच्चों और किशोरों को एक नई जादुई दुनिया से परिचय करवाया था.

हैरी पॉटर की पहली किताब के 20 साल पूरे होने के मौके पर जानिए इस किताब और इस पर बनी फिल्म के बारे में कुछ रोचक किस्से:

1. हरमाईनी ग्रेंजर के किरदार के लिए एमा वाटसन फिट नहीं थीं. दरअसल जे के रोलिंग ने अपनी किताबों में जिन तीन बच्चों का जिक्र किया है वो रूप-रंग में बिलकुल सामान्य थे. एक पढ़ाकू लड़की हरमाईनी ग्रेंजर के रूप में उन्होंने किसी साधारण लुक्स वाली लड़की की कल्पना की थी.

एमा वाटसन से मिलने से पहले रोलिंग ने उनसे फ़ोन पर बात की थी. 60 सेकंड की उन बातचीत में एमा ने रोलिंग को इतना इम्प्रेस कर दिया कि रोलिंग ने उन्हें रोल के लिए फाइनल कर लिया. एमा से मिलने पर रोलिंग को लगा कि वो इस रोल के लिए ज्यादा खूबसूरत हैं लेकिन फिर रोलिंग ने उन्हें इस रोल में स्वीकार लिया.


2. नॉवेल में 'हेडविग दि आउल' हैरी पॉटर का दोस्त है. जब फिल्म के लिए स्क्रीनिंग चल रही थी तो हैरी पॉटर से पहले उसके पालतू उल्लू को इस रोल में कास्ट किया गया था.


3. फिल्म निर्माता चाहते थे कि लेखिका जेके रोलिंग फिल्म में हैरी पॉटर की मां का किरदार निभाएं लेकिन रोलिंग तैयार नहीं हुई. रोलिंग का कहना था कि वो बहुत बुरी एक्ट्रेस हैं और कैमरे के सामने पूरा सीन बिगाड़ देंगी.


4. फिल्म की शूटिंग के दौरान सभी बाल कलाकार सीन में अपना असली होमवर्क करते थे ताकि यह सीन बिलकुल असली लगे.


5. फिल्म की शूटिंग के दौरान डेनियल रेडक्लिफ ने 160 चश्मे बदले थे.


6. जे के रोलिंग की पहली किताब का नाम 'हैरी पॉटर एंड दि फिलॉसौफर्स स्टोन' थी. इस किताब पर बनी फिल्म यूके में इसी नाम से रिलीज हुई थी. लेकिन अमेरिका में इसे 'फिलॉसौफर्स स्टोन' की जगह 'सौसर्स स्टोन' के नाम से रिलीज किया गया. इसके लिए फिल्म के सभी सीन जहां फिलॉसौफर्स स्टोन बोला गया था रीडब किये गए.


7. लेखिका जे के रोलिंग का जन्मदिन 31 जुलाई को होता है. इसीलिए उन्होंने अपनी कहानी के मुख्य किरदार हैरी पॉटर को भी जन्मदिन की यही तारीख दे दी.

source: hindi.news18.com